तिरुवनंतपुरम , मार्च 04 -- भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थानों (आईआईएसईआर) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सभी आईआईएसईआर परिसरों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एप्टीट्यूड टेस्ट (आईएटी) 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

आईआईएसईआर में प्रवेश अब केवल आईएटी 2026 के अंकों के आधार पर होगा और इसके लिए जेईई स्कोर मान्य नहीं होगा।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू होगी, जबकि परीक्षा सात जून 2026 को आयोजित की जाएगी। इच्छुक छात्र आधिकारिक प्रवेश पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटआईआईएसईआरएडमिशनडॉटइन/ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसी पोर्टल पर परीक्षा केंद्रों और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अन्य जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्रवेश आईआईएसईआर बेरहामपुर, भोपाल, कोलकाता, मोहाली, पुणे, तिरुवनंतपुरम और तिरुपति में दिया जाएगा।

प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की सहायता के लिए एक हेल्पडेस्क भी स्थापित किया गया है। अभ्यर्थी कार्यदिवसों में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक 91 7205457461 पर संपर्क कर सकते हैं या एएसकेरेएसी2026@आईआईएसईबीपीआरडॉटएसीडॉटइन पर ईमेल भेज सकते हैं।

आईआईएसईआर तिरुवनंतपुरम के निदेशक प्रो. जरुगु नरसिम्हा मूर्ति ने संस्थान के शैक्षणिक वातावरण के बारे में कहा कि संस्थान कठोर वैज्ञानिक प्रशिक्षण के साथ जिज्ञासा-आधारित शोध को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि 2008 में स्थापना के बाद से संस्थान ने उन्नत प्रयोगशालाओं और सशक्त शैक्षणिक समुदाय के सहयोग से उच्च गुणवत्ता वाले शोध और शिक्षण की मजबूत नींव तैयार की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित