काकीनाडा(आंध्र प्रदेश) , फरवरी 28 -- आंध्रप्रदेश के काकीनाडा जिले के सामरलकोटा मंडल के वेटलापालम इलाके में शनिवार को एक पटाखा कारखाने में हुए भीषण विस्फोट में 20 श्रमिकों की मौत हो गयी है और कई लोग घायल हो गये हैं।
पुलिस ने बताया कि सूर्यश्री पटाखा बनाने वाली यूनिट में जबरदस्त धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गयी। हादसे में कई और लोग घायल हो गये हैं। ज़्यादातर घायलों की हालत गंभीर है।
धमाका इतना जबरदस्त था कि हादसे की जगह से पांच किलोमीटर दूर आस-पास के गांवों तक आवाज सुनी जा सकती थी। पुलिस ने बताया कि मरने वालों और घायलों में ज़्यादातर पटाखा बनाने वाली यूनिट के मजदूर हैं।
हादसे की जगह जंग के मैदान जैसी लग रही थी, क्योंकि कटे हुए हाथ-पैर, मांस और लाशें चारो तरफ बिखरे पड़े थे। दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग बुझायी। बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। मरने वालों में से कुछ की पहचान अदबाला श्रीनु, के कृष्णैया, के धनराजू, के कृपाम्मा, एस सत्यवेनी, वी रवि, एम चिन्नी, एम करुणा, जी मंगा, जी महेश, जी रामू और जी नानी के तौर पर हुई है।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस विस्फोट के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को घटना और जारी राहत व बचाव कार्यों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के समय कारखाने में लगभग 20 श्रमिक मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित