राजामहेंद्रवरम , मार्च 03 -- आंध्रप्रदेश के राजामहेंद्रवरम में मिलावटी दूध मामले में मंगलवार को अस्पताल में एक और व्यक्ति की मौत हो जाने से मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई।

अधिकारियों ने आज यहां बताया कि जी. सूर्या राव (81) की केआईएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि 22 फरवरी को बीमार हुए कई लोगों को अनूरिया (पेशाब न आना), उल्टी, पेट दर्द और किडनी की गंभीर समस्या के लक्षणों के साथ अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।

उन्होंने बताया कि प्रभावित लोग लालाचेरुवु, राजामहेंद्रवरम के चौदेश्वरनगर और स्वरूप नगर इलाकों के थे। चिकित्सा जांच में खून में यूरिया और सीरम क्रिएटिनिन स्तर बढ़ने के साथ किडनी फेलियर का पता चला, जो विषाक्त चीज़ों के संपर्क में आने का संकेत है।

अधिकारियों ने बताया कि कोरुकोंडा मंडल के नरसापुरम गांव में वरलक्ष्मी दूध डेयरी से 106 परिवारों को दूध सप्लाई किया गया था। पुलिस ने III टाउन एल एंड ओ पुलिस स्टेशन, राजामहेंद्रवरम में आपराधिक मामला दर्ज किया। दूध बेचने वाले अडाला गणेश्वर राव को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित