राजमहेंद्रवरम , मार्च 04 -- आंध्रप्रदेश के राजमहेंद्रवरम जिले में मिलावटी दूध के सेवन के बाद अस्पताल में भर्ती लोगों में से एक और महिला की मौत हो जाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
बुधवार को यहां अधिकारियों ने बताया कि 62 वर्षीय महिला आर सूर्य कुमारी की केआईएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मिलावटी दूध का सेवन करने वाले 12 लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।
जिला अधिकारियों ने बताया कि 22 फरवरी को जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को केआईएमएस अस्पताल, राजमहेंद्रवरम से कई बुजुर्ग व्यक्तियों के भर्ती होने की सूचना मिली थी, जिनमें पेशाब न आना , उल्टी, पेट दर्द और डायलिसिस की आवश्यकता वाली गुर्दे की खराबी के गंभीर लक्षण थे।
पीड़ित व्यक्ति राजमहेंद्रवरम के लालाचेरुवु के चौवदेश्वरनगर और स्वरूप नगर क्षेत्रों के निवासी थे। नैदानिक जांच में रक्त यूरिया और सीरम क्रिएटिनिन के बढ़े हुए स्तर के साथ गुर्दे की गंभीर विफलता के संकेत मिले, जो विषाक्त पदार्थों के संपर्क में आने से होते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित