नयी दिल्ली , अप्रैल 01 -- लोकसभा ने अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी बनाने वाले 'आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2026' को बुधवार को ध्वनिमत से पारित कर दिया।

गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय ने इस पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि विधेयक पर करीब दो घंटे चर्चा चली जिसमें 13 से ज्यादा सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव इसमें रखे हैं और लगभग सभी सदस्यों ने इस विधेयक का समर्थन किया है।

उन्होंने बताया कि अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी बनाने को लेकर आंध्र प्रदेश विधानसभा ने जो प्रस्ताव केंद्र को भेजा था उस प्रस्ताव में अमरावती को राज्य की राजधानी बनाने के लिए नामित कर अमरावती को राज्य की राजधानी बनाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश सरकार ने 2015 में इसके लिए अधिसूचना जारी करते हुए कहा था कि अमरावती राज्य की राजधानी होगी। इस संबंध में गत 28 मार्च को एक प्रस्ताव केंद्र सरकार ने पारित किया जिसमें अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में वैधानिक दर्जा देने के लिए यह पुनर्गठन संशोधन विधेयक लाया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विधेयक में प्रावधान है कि आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती होगी। आंध्र प्रदेश विधानसभा के संकल्प को प्रभावी बनाने और प्रदेश की राजधानी अमरावती को वैधानिक रूप देने के लिए कुछ संशोधनों के साथ यह विधेयक लाया गया है। इस विधेयक के पारित होने से अमरावती आंध्र प्रदेश की वैधानिक राजधानी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित