अनंतपुर , फरवरी 06 -- आंधप्रदेश में श्री सत्य साईं जिले के चिलमथुर गांव में शुक्रवार को एक कुख्यात अपराधी के पुलिस आरक्षक को चाकू मारने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पांव में गोली मार दी।

पुलिस के अनुसार येरुकाला कावड़ी नागेंद्र उर्फ नागा, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक राज्यों में सामूहिक दुष्कर्म, डकैती और लूटपाट सहित 90 से अधिक अपराधों में शामिल था। वह सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले में मुख्य आरोपी था और इस मामले की अदालती सुनवाई में उपस्थित नहीं हो रहा था।

चिलमथुर गांव के पास एक वन क्षेत्र में इस कुख्यात अपराधी के घूमने की गुप्त सूचना मिलने पर, उप-निरीक्षक आंजनेयुलु और आरक्षक बी शिव प्रसाद तथा एम सुब्रमण्यम सहित एक पुलिस टीम ने क्षेत्र में छापा मारा। जब पुलिस कर्मियों ने उसे हिरासत में लेने की कोशिश की, तो उसने एक पुलिस आरक्षक के बाएं कंधे पर चाकू मार दिया और वहां से फरार हो गया।

अत्यधिक रक्तस्राव के होने की वजह से घायल आरक्षक को हिंदूपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण उप-निरीक्षक आंजनेयुलु के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने अपराधी येरुकाला नागेंद्र का पीछा किया। जब अपराधी ने उप-निरीक्षक पर भी चाकू से हमला करने का प्रयास किया, तो उप-निरीक्षक आंजनेयुलु ने अपनी सेवा रिवॉल्वर से उसके पैर में गोली मार दी। बाद में अपराधी को भी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने अपराधी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित