विजयवाड़ा , मार्च 24 -- आंध्र प्रदेश के प्रति-गुप्तचर शाखा ने सोशल मीडिया मंचों के जरिए लोगों को कट्टर बनाने और प्रतिबंधित संगठनों के साथ संपर्क में रहने के आरोप में तीन युवाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने कहा कि प्रति-गुप्तचर शाखा और टास्क फोर्स पुलिस बल ने मोहम्मद रहमतुल्ला शरीफ, मिर्ज़ा सोहेल बेग और बेग मोहम्मद दानिश को टाउन एरिया से गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के मोबाइल फोन जब्त कर लिये हैं।
तीनों युवाओं की उम्र करीब 20 साल है। उनके ऊपर व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम आदि के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा फैलाकर युवाओं को बरगलाने का आरोप है। सूत्रों के अनुसार, तीनों युवा पाकिस्तान में संचालकों के साथ संपर्क में थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों में से दो विजयवाड़ा के पुराने शहर स्थित विंचिपेट में रहते हैं, जबकि एक अन्य युवक भवानीपुरम में रहता है। सूत्रों के अनुसार, रहमतुल्ला शरीफ मोटरसाइकिल चालक के रूप में काम करता है, सोहेल बेग एक बिरयानी होटल में और दानिश यहां ऑटोनगर स्थित एक वर्कशॉप में मैकेनिक के तौर पर काम करता है। ये तीनों युवक 'वन टाउन' स्थित एक मस्जिद में नियमित रूप से मिलते थे और कथित तौर पर देश भर में कम से कम 10 समान विचारधारा वाले लोगों से इनके संबंध थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित