नैनीताल , मार्च 16 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में रविवार रात को आये आंधी तूफान से फसलों को नुक़सान हुआ है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आंधी-तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जल्द आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

उन्हाेंने सोमवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में राजस्व कर, संग्रह और प्रवर्तन कार्यों की विभागवार मासिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने आंधी-तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जल्द आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कर वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जाए और शीघ्र रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि पात्र किसानों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन गंभीर है और किसी भी प्रभावित किसान को राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए और बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने स्टाम्प और आबकारी वादों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली में प्रगति नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को न्यायालयों में लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि राजस्व न्यायालयों के पटलों का स्थलीय निरीक्षण भी शीघ्र किया जाएगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं एसडीएम, शिक्षा विभाग, अभियोजन विभाग और समाज कल्याण विभाग को पॉक्सो और एनडीपीएस अधिनियम के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा, ताकि समाज में अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

जिलाधिकारी ने तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील स्तर के अधिकारियों को प्रतिदिन जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं का समाधान करने को कहा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, एसपी सिटी मनोज कत्याल, नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, प्रमोद कुमार, मोनिका, बीसी पंत, रेखा कोहली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित