धमतरी , अप्रैल 01 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर के रिसाईपारा वार्ड स्थित एक आंगनबाड़ी परिसर के पास एक विशालकाय जर्जर पेड़ को हटाने की मांग तेज हो गयी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज हवा और आंधी के चलते पेड़ की शाखाएं लगातार टूटकर आंगनबाड़ी परिसर और सड़क पर गिर रही हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। बरसात के मौसम के नजदीक आते ही खतरा और बढ़ गया है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
आंगनबाड़ी से जुड़े लोगों और वार्डवासियों ने कई बार कलेक्ट्रेट पहुंचकर पेड़ को कटवाने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। प्रशासन की उदासीनता से नाराज लोगों ने अब आंगनबाड़ी में ताला बंदी करने की चेतावनी दी है और इसके लिए अल्टीमेटम भी जारी कर दिया है।
नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व एवं वन विभाग से समन्वय कर जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित