अहमदाबाद , फरवरी 21 -- गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार से देश का पहला "हाईवे हीरो स्मार्ट क्लिनिक" शुरू हुआ है।

ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन (एआईटीडब्ल्यूए) और बीएलआर लॉजिस्टिक्स लिमिटेड के प्रतिनिधियों और एम.डी. मोटर्स के एमडी कैलाश भाटी, सीईओ जोगराज राठौड़, एचआर और एडमिन ईश्वरदान गढ़वी ने विस्तृत जानकारी साझा करते हुए आज बताया कि इस क्लिनिक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ट्रक और कमर्शियल वाहन चालकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एम.डी. मोटर्स द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है जिसमें लगभग 4,500 से 5,000 रुपये मूल्य की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से मुफ्त प्रदान की जा रही हैं। इसमें वरिष्ठ डॉक्टरों के साथ टेली-कंसल्टेशन और तत्काल सहायता जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

श्री भाटी ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस इस केंद्र पर ईसीजी, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, बॉडी टेम्परेचर, बीएमआई और एसपीओ2 जैसी बुनियादी जांचों के साथ-साथ चालकों के पेशे को ध्यान में रखते हुए ऑडियोमेट्री, पल्मोनरी फंक्शन, आंखों की स्क्रीनिंग और कलर ब्लाइंडनेस जैसी गंभीर जांचें भी की जा रही हैं। साथ ही, चालक की सहमति पर एचआईवी और एड्स परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा, "हम हमेशा ट्रांसपोर्ट समुदाय की सेवा और चालक भाइयों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए समर्पित हैं।

श्री राठौड़ ने बताया, "'हाईवे हीरो स्मार्ट क्लिनिक' के माध्यम से हमारा उद्देश्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान और सुरक्षा का अहसास कराना है। हम चाहते हैं कि हर चालक भाई स्वस्थ रहे और सुरक्षित अपने घर लौटे।" यह गौरवपूर्ण कार्य तीन प्रमुख संस्थाओं एआईटीडब्ल्यूए, बीएलआर लॉजिस्टिक्स और एम.डी. मोटर्स के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, जो कॉर्पोरेट जगत की चालक समुदाय के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। एआईटीडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों के अनुसार, यह क्लिनिक हाईवे पर ड्राइवरों के लिए एक 'रक्षक' के रूप में कार्य करेगा और उन्हें एक उन्नत स्वास्थ्य सेवा तंत्र प्रदान करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित