अहमदाबाद, सितंबर 30 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का मंगलवार को आयोजन तथा 'आश्रम सौरभ' ई-पत्रिका के 52वें अंक का विमोचन किया गया।
मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि अहमदाबाद मंडल पर आज मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष द्वारा अहमदाबाद मंडल की राजभाषा ई-पत्रिका 'आश्रम सौरभ' के 52वें अंक का भी विमोचन किया गया।
बैठक से पूर्व हिंदी साहित्य के जनक भारतेन्दु हरिश्चंद्र की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर राजभाषा विभाग द्वारा उनके जीवनवृत्त पर प्रजंटेशन के माध्यम से एक रोचक प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात हिंदी प्रश्न-मंच का आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले विजेताओं को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
सरकारी कार्यों में राजभाषा के उत्कृष्ट प्रयोग को प्रोत्साहित करने हेतु मंडल के आठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 'राजभाषा रत्न' प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत नकद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित