अहमदाबाद , फरवरी 02 -- गुजरात के अहमदाबाद में डाक विभाग ने सोमवार को 'डाक जीवन बीमा' की 142वीं वर्षगांठ मनायी।

उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने डाक जीवन बीमा के 142वें वर्ष में प्रवेश होने पर आज क्षेत्रीय कार्यालय, अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि डाक विभाग ने पत्र एवं पार्सल सेवाओं के साथ-साथ जीवन बीमा के क्षेत्र में भी एक सशक्त, विश्वसनीय एवं जनकल्याणकारी संस्था के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। पारंपरिक सेवाओं से आगे बढ़ते हुए डाक विभाग ने दशकों से जीवन बीमा के क्षेत्र में निरंतर सेवा प्रदान कर नागरिकों के जीवन में आर्थिक स्थिरता, सामाजिक सुरक्षा और वित्तीय संरक्षा का सुदृढ़ आधार निर्मित किया है।

इस अवसर पर उन्होंने बीमाधारकों को डाक जीवन बीमा पॉलिसी बांड, परिपक्वता दावा, दावा भुगतान सौंपकर उनके सुखी भविष्य की भी कामना की और कहा कि जीवन बीमा आधुनिक युग में आवश्यक होने के साथ-साथ वित्तीय सुरक्षा और निवेश का एक भरोसेमंद माध्यम भी है। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में वर्तमान में डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा की कुल 2.08 लाख से ज्यादा पॉलिसियां हैं।

एक अभिनव पहल के तहत उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के 708 गांवों में सभी योग्य लोगों का बीमा करते हुए इन्हें 'सम्पूर्ण बीमा ग्राम' बना दिया गया है। डाकघरोंमें लोगों की आयु और आवश्यकता के हिसाब से जीवन बीमा की तमाम योजनायें हैं, जिनमें सुरक्षा (आजीवन बीमा), संतोष (स्थायी निधि जमा), सुविधा, सुमंगल, युगल सुरक्षा और चिल्ड्रेन पालिसी शामिल हैं। कम प्रीमियम और उच्च बोनस इन पॉलिसियों की अनूठी विशेषता है, जो इसे भारत में अन्य जीवन बीमाकर्ताओं से अलग करती है। बचत लाभ और जीवन बीमा कवर प्रदान करने के अलावा ये पॉलिसी ग्राहकों को ऋण सुविधा भी प्रदान करती हैं।पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि डाक जीवन बीमा को डाक विभाग के कर्मचारियों के लिए 1884 में एक कल्याणकारी उपाय के रूप में शुरू किया गया था और इसे 1888 में टेलीग्राफ विभाग के कर्मचारियों के लिए विस्तारित किया गया। वर्ष 1894 में डाक जीवन बीमा ने पी एंड टी विभाग की महिला कर्मचारियों को ऐसे समय में बीमा कवर दिया, जब कोई अन्य बीमा कंपनी महिलाओं को जीवन बीमा प्रदान नहीं करती थी।

डाक जीवन बीमा के लाभ सरकारी कर्मचारियों जैसे केंद्र और राज्य सरकारों के कर्मचारियों, सार्वजनिक उपक्रमों, सरकारी सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राष्ट्रीयकृत बैंकों, रक्षा सेवाओं तथा अर्ध-सैन्य बलों के लिए उपलब्ध कराये गए थे। सितंबर 2017 में डाक जीवन बीमा का लाभ बढ़ाकर पेशेवरों (जैसे इंजीनियर, डॉक्टर, बैंकर, वकील, आर्किटेक्ट, पत्रकार आदि) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) तथा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में सूचीबद्ध कंपनियों के कर्मचारियों को भी दिया गया। एक दिसंबर, 2022 से केंद्र सरकार व राज्य सरकारों से मान्यता प्राप्त किसी भी विश्वविद्यालय/ संस्था के सभी स्नातक/डिप्लोमा धारक भी डाक जीवन बीमा का लाभ उठा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित