अहमदाबाद , नवंबर 08 -- बीएपीएस (बोचासनवासी अक्षर पुरूषोत्तम स्वामीनारायण) संस्था के परम पूज्य महंत स्वामी महाराज की पावन उपस्थिति में 'प्रमुखवरणी अमृत महोत्सव' के अवसर पर सात दिसंबर को गुजरात के अहमदाबाद रिवरफ्रंट पर नदी किनारे नौका के माध्यम से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

बीएपीएस संस्था की ओर से शनिवार को यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस संस्था के संस्थापक प्रमुखस्वामी महाराज के प्रमुखवरण (संस्था के प्रमुख बनने) को इस वर्ष 75 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस पावन अवसर पर सात दिसंबर 2025 को अर्थात प्रमुखस्वामी महाराज के जन्मदिन पर साबरमती रिवरफ्रंट पर उनके आध्यात्मिक उत्तराधिकारी परम पूज्य महंत स्वामी महाराज की पवित्र उपस्थिति में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसका लाभ हजारों भक्तों और श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।

इस अवसर पर नदी किनारे नौका के माध्यम से परम पूज्य प्रमुखस्वामी महाराज के गुणों का दर्शन कराने का एक विशेष प्रयास किया जाएगा तथा उनके महान आध्यात्मिक जीवन और गुणों का स्मरण किया जाएगा।

बी.ए.पी.एस. संस्था के संस्थापक ब्रह्मस्वरूप शास्त्रीजी महाराज ने अहमदाबाद की आंबलीवाली पोल में सन् 1950 में उन्हें संस्था के प्रमुख के रूप में नियुक्त किया था। उसी समय से प्रमुखस्वामी महाराज अपने स्नेहमय स्वभाव और दैवीय गुणों के कारण करोड़ों लोगों के हृदय में 'वहालसोया स्वामी' के रूप में विराजमान हो गए। उन्होंने सनातन धर्म की परंपरा को विश्वभर में फैलाने का अमर और अनुपम कार्य किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित