अहमदाबाद , दिसंबर 26 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में क्रीड़ा भारती के अखिल भारतीय अधिवेशन का शुक्रवार को शुभारंभ किया।
इस मौके पर श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिलने और इन खेलों के आयोजन के लिए अहमदाबाद को चुने जाने के गौरवपूर्ण अवसर पर क्रीड़ा भारती का अधिवेशन अहमदाबाद में आयोजित हुआ है, इससे खेल क्षेत्र को एक नयी दिशा मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने क्रीड़ा ज्योत स्मारिका पुस्तक का भी विमोचन किया।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में विकास होना चाहिए और इसमें खेलों का भी महत्व है। उन्होंने ऐसे उदार भाव के साथ गुजरात में खेल संस्कृति विकसित करने के लिए 2010 से खेल महाकुंभ की शुरुआत की है। खेल महाकुंभ के चलते राज्य के ग्रामीण इलाकों तक खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और खेल महाकुंभ में भाग लेने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
श्री पटेल ने कहा कि 2010 में 16 लाख लोगों की सहभागिता से शुरू हुए खेल महाकुंभ के 2025 के संस्करण में 72 लाख लोगों ने हिस्सा लिया है। इतना ही नहीं, खेल महाकुंभ की सफलता के चलते गुजरात के लगभग 16 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में राज्य और देश का प्रतिनिधित्व किया है।
मुख्यमंत्री ने प्राचीन ग्रंथों में खेलों के उल्लेख की चर्चा करते हुए कहा कि भारत में प्राचीन काल से ही खेल हमारी संस्कृति और जीवन शैली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। हजारों वर्ष पहले लिखे गए ग्रंथों में भी 64 विद्याओं के माध्यम से व्यक्ति के कौशल विकास की बात की गई है, उनमें से कई विद्याओं के खेलों के साथ जुड़े होने का उल्लेख है। उन्होंने कहा , "हमारे ग्रंथों में इसका उल्लेख है कि भगवान श्री कृष्ण बचपन में लकड़ी और गेंद का खेल खेलते थे। इसके अलावा, गुरु द्रोणाचार्य के गुरुकुल में कौरवों और पांडवों के बीच तीरंदाजी और गदा युद्ध जैसे खेलों का भी वर्णन है। यजुर्वेद में शारीरिक प्रशिक्षण, अथर्ववेद में स्वस्थ शरीर और समाज को राज्य की रीढ़ बताया गया है। यह सब खेल भावना का प्रतिबिंब है।"श्री पटेल ने क्रीड़ा भारती के पांचवें अधिवेशन में देश भर से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और स्वयंसेवकों का गुजरात की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि क्रीड़ा भारती संस्था भारतीय संस्कृति में उल्लिखित ऐसे अनेक खेलों के संरक्षण के लिए खेलकूद के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रही है।
क्रीड़ा भारती के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष विवेकभाई पटेल ने स्वागत भाषण में अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी का स्वागत किया। इसके अलावा, संस्था के अखिल भारतीय महामंत्री राज जी चौधरी ने अधिवेशन के विषय सहित क्रीड़ा भारती संस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अहमदाबाद के श्री कल्कि तीर्थधाम, प्रेरणापीठ में आयोजित तीन दिवसीय अधिवेशन में देश भर से क्रीड़ा भारती संस्था से जुड़े खिलाड़ी और स्वयंसेवक उपस्थित रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित