अहमदाबाद , जनवरी 22 -- अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस 26 जनवरी से सात मार्च तक 20 कोच रेक के साथ संचालित होगी।
मंडल रेल प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 22961/22962 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से चार अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन 26 जनवरी से सात मार्च तक वर्तमान 16 कोचों के स्थान पर 20 कोच रेक के साथ संचालित की जाएगी।
इस वृद्धि के अंतर्गत मौजूदा सी14 कोच की क्षमता 44 सीटों से बढ़ाकर 78 सीटें की जा रही है। इसके अतिरिक्त चार नए एसी चेयर कार कोच सी15, सी16, सी17 (प्रत्येक 78 सीटें) तथा सी18 (44 सीटें) ट्रेन संरचना में जोड़े जा रहे हैं। इस तरह इस ट्रेन में 278 यात्री अधिक यात्रा कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पश्चिम रेलवे यात्रियों को अधिक सुविधा, आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित