अमृतसर , फरवरी 12 -- पंजाब में गुरू नानक देव विश्वविद्यालय द्वारा केन्द्र सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) तथा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से 19 और 20 फरवरी को आयोजित प्रतियोगिता में अस्मिता महिला ट्रैक साइक्लिंग लीग के अंतर्गत उत्तर भारत के आठ राज्यों की महिला साइकिल खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के नॉर्थ जोन इंचार्ज एवं सहायक सचिव नीरज तन्वर ने गुरूवार को बताया कि हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ से महिला साइकिल खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगी। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसे नए एवं आकर्षक रूप में आयोजित किया जाएगा।
नीरज तन्वर ने बताया कि सब-जूनियर और जूनियर वर्ग की महिला साइकिल खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को पदक और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होने बताया कि विजेताओं को कुल Rs.3,45,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह लीग महिला साइक्लिंग को प्रोत्साहित करने और युवा प्रतिभा को आगे लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित