भरतपुर , जनवरी 27 -- राजस्थान में गंगापुर सिटी के राजकीय जिला अस्पताल में ओपीडी पर्ची के लिए शुरू की गई क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण व्यवस्था को लेकर ज्यादातर मरीजों को इस प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने से मंगलवार को मरीज अस्पताल में लंबी लंबी कतारों में लगने के लिए मजबूर नजर आए।
इन लंबी कतारों से राहत दिलाने के उद्देश्य से अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को मोबाइल फोन के जरिए क्यूआर कोड स्कैन कर घर बैठे या परिसर में ही पर्ची बनाने की सुविधा दी थी लेकिन क्यूआर कोड से पर्ची बनाने के तरीके से अनभिज्ञ बुजुर्ग, महिलाएं और ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीज पुरानी व्यवस्था के तहत लाइन में लगने को मजबूर हो गये।
परेशान मरीजों ने बताया कि क्यूआर कोड स्कैन करने पर कई बार मोबाइल में नया ऐप डाउनलोड करने का संदेश आता है। कमजोर इंटरनेट कनेक्शन और तकनीकी जानकारी की कमी के कारण यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती। जिन मरीजों के पास स्मार्टफोन नहीं है या जो डिजिटल प्रक्रिया से परिचित नहीं हैं, वे इस सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
मरीजों ने अस्पताल में हेल्प डेस्क स्थापित करके किसी कर्मचारी को क्यूआर कोड रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया समझाने की माँग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित