गुवाहाटी , मार्च 05 -- असम में विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस से निलंबित तीन विधायक गुरुवार को सत्ताधारी भाजपा में शामिल हो गये हैं।
उत्तरी करीमगंज चुनाव क्षेत्र से तीन बार के विधायक कमलाख्या डे पुरकायस्थ, मंगलदाई से तीन बार के विधायक बसंत दास और राहा के विधायक सशिकांत दास भाजपा में शामिल हुए।
इन तीनों को भाजपा का समर्थन करने के कारण कांग्रेस से निलंबित कर दिया गया था। श्री बसंत दास और श्री कमलाख्या डे पुरकायस्थ 2024 से और श्री सशिकांत दास 2021 से निलंबित चल रहे थे।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी स्थित भाजपा मुख्यालय में तीनों का पार्टी में स्वागत किया। असम के मुख्यमंत्री ने कहा, "आज कांग्रेस के तीन विधायक हमारी पार्टी में शामिल हुए हैं। यह भाजपा के लिए बड़ा दिन है। मुझे विश्वास है कि यह भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति लोगों के सम्मान को दर्शाता है।"बाद में मीडिया से श्री कमलाख्या डे पुरकायस्थ ने कहा कि भाजपा में शामिल होने का निर्णय असम और देश के व्यापक हितों के मद्देनजर लिया गया है। श्री पुरकायस्थ ने कहा कि वह भाजपा की नीतियों के अनुरूप काम करने और राज्य के साथ-साथ राष्ट्र के विकास और सुरक्षा में योगदान देने के इच्छुक हैं। श्री पुरकायस्थ ने यह दावा किया कि तुष्टीकरण की नीति ने कांग्रेस को कमजोर किया है। यह भी कहा कि जब तक पार्टी अपने वैचारिक दृष्टिकोण पर पुनर्विचार नहीं करती, भविष्य में भी उसके 'खोखले' होने का खतरा है।
मुख्यमंत्री से यह पूछे जाने पर कि क्या इन तीनों को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट दिया जायेगा? उन्होंने कहा कि पार्टी की राज्य चुनाव समिति इस पर विचार करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित