गुवाहाटी , फरवरी 08 -- असम सरकार ने पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख से जुड़े मामले की जांच केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौंपने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की अध्यक्षता में शनिवार को यहां हुई कैबिनेट की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया। श्री सरमा ने बैठक के बाद संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार गृह मंत्रालय से इस मामले की आगे की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) या राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जैसी किसी भी केंद्रीय एजेंसी से करवाने का अनुरोध करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक ब्रिटिश नागरिक एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई के साथ मिलकर अली तौकीर शेख की कथित भारत विरोधी साजिश की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। उन्होंने कहा, "एसआईटी जांच में संवेदनशील सबूत मिले हैं। हालांकि, एसआईटी एक निश्चित सीमा से आगे मामले की जांच नहीं कर सकती, क्योंकि इसके लिए इंटरपोल की मदद की ज़रूरत है। इसलिए, मामले को आगे की जांच के लिए केंद्र सरकार की किसी भी एजेंसी को सौंपने का फैसला किया गया है,।"कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को रिपोर्ट का एक हिस्सा मीडिया को बताने के लिए भी अधिकृत किया है और मुख्यमंत्री रविवार को मीडिया को विवरण बताएंगे। अली तौकीर शेख के खिलाफ मामला इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि ब्रिटिश नागरिक एलिजाबेथ गोगोई, जिनका नाम मुख्यमंत्री ने इस मामले में जोड़ा है, असम प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रमुख गौरव गोगोई की पत्नी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित