गुवाहाटी , अप्रैल 09 -- असम विधानसभा चुनाव में गुरुवार को 85.46 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही सभी 722 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गयी।चुनाव आयोग के रात आठ बजे के आंकड़ों के अनुसार 2.50 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से 85.46 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।

राज्य की सभी 126 सीटों के लिए मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हुआ था और आयोग ने मतदान समाप्ति का समय शाम पांच बजे तक तय किया हुआ था लेकिन यह समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कुछ मतदान केन्द्रों पर लोग कतार में लगे हुये थे।

राज्य में इक्का दुक्का घटनाओं को छोड़कर किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। दक्षिण सलमारा मनकाचार जिले में सबसे अधिक 94.08 प्रतिशत और कामरूप (मेट्रो) में सबसे कम 77.33 प्रतिशत मतदान हुआ।

असम की सभी 126 सीटों के लिए कुल 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में 2.50 करोड़ से अधिक मतदाताओं के लिए कुल 28,205 मतदान केंद्र बनाये गये थे। कुल मतदाताओं में 1.25 करोड़ पुरुष, 1.25 करोड़ से अधिक महिलाएं और 343 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं।

मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन परिणाम आ जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित