गुवाहाटी , अप्रैल 01 -- कांग्रेस महासचिव और लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए राज्य की सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाये।

नजीरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए श्रीमती वाड्रा ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई असम की संस्कृति, अभिव्यक्ति और जनता की ताकत को बचाने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ देने के नाम पर लोगों, खासकर महिलाओं, को डराया और दबाव में रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात की जाती है लेकिन साथ ही यह भी कहा जाता है कि अगर वे भाजपा की रैलियों में नहीं जाएंगी तो उन्हें पैसे नहीं मिलेंगे। उन्होंने सवाल किया, "महिलाएं अपना काम करें या भाजपा की रैली में बैठें?"कांग्रेस महासचिव ने जोर देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का पैसा जनता का है, न कि किसी पार्टी का। उन्होंने कहा कि सरकार का काम लोगों के हित और उनके बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए होना चाहिए, न कि डर और दबाव के जरिए शासन चलाना।

गौरतलब है कि असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी अपनी खोई हुई पुरानी जमीन तलाशने में जुटी है। श्रीमती वाड्रा की आज राज्य में नजीरा, तिन खोंग और खोवांग विधानसभा में चुनावी सभाएं आयोजित की गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित