गुवाहाटी , अप्रैल 09 -- असम विधानसभा चुनाव में मतदान के शुरुआती चार घंटों में 38.92 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

राज्य की सभी 126 सीटों के लिए मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चलेगा।

चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक 38.92 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतार दिख रही है। युवाओं में मतदान के प्रति अच्छा खास जोश दिखाई दे रहा है।

चुनावी राज्य के माजुली जिले में सबसे अधिक 44.30 प्रतिशत और कामरूप (मेट्रो) में सबसे कम 31.87 प्रतिशत मतदान हुआ है।

राज्य में बिना किसी हिंसा के शांतिपूर्वक मतदान जारी है। चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं। आयोग ने इस बार 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के लिए घर पर मतदान करने की सुविधा प्रदान की है तथा उनके लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गयी है।

असम की सभी 126 सीटों के लिए कुल 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में 2.50 से अधिक मतदाताओं के लिए कुल 28,205 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं। कुल मतदाताओं में 1.25 करोड़ पुरुष, 1.25 करोड़ से अधिक महिलाएं और 343 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं।

विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है। चुनाव मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई, विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, रायजोर दल के नेता अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई हैं। मतदाता आज सभी उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बंद कर देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित