गुवाहाटी , फरवरी 03 -- असम के विभिन्न हिस्सों में पिछले 48 घंटों के दौरान इंसानों और हाथियों के बीच संघर्ष में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक तामुलपुर जिले में बुधवार तड़के जंगली हाथियों के झुंड ने एक दंपति को कुचलकर मार डाला, वहीं मंगलवार देर रात नगांव जिले के कलियाबर में हाथी के हमले में एक अन्य बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथी पास के जंगल से नीचे उतरा और बुजुर्ग के घर को तहस-नहस कर दिया।

इसी तरह, बक्सा जिला प्रशासन ने बताया कि मंगलवार सुबह बक्सा जिले के खोरानी गांव में हाथियों के एक झुंड के हमले में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई।

हाथी के हमले की एक अन्य घटना लखीमपुर जिले के नारायणपुर में हुई, जहां मंगलवार तड़के एक जंगली हाथी ने एक व्यक्ति को कुचल दिया।

उल्लेखनीय है कि हालांकि असम सरकार ने पिछले साल एक योजना शुरू की थी और 'गज मित्र' नियुक्त किए थे, फिर भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार हो रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित