रायपुर , मार्च 31 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने असम के सिसिबोरगांव विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राज्य में डबल इंजन सरकार की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सरकार बनाने का नहीं, बल्कि विकसित असम के निर्माण का चुनाव है।
सिलाबाली और सिलापथार में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि असम को देश का अग्रणी राज्य बनाने, महिलाओं को सशक्त करने और युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए भाजपा को समर्थन देना आवश्यक है। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी जीवन गोगोई को विजयी बनाने की अपील की।
अरुण साव ने कहा कि वर्ष 2016 से पहले असम अशांति और बंद से जूझता था, लेकिन पिछले दस वर्षों में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में व्यापक बदलाव लाया है। उन्होंने दावा किया कि गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंची हैं और विकास की रफ्तार को और तेज करने के लिए एक बार फिर एनडीए सरकार बनाना जरूरी है।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि यह चुनाव घुसपैठियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम किया, जबकि भाजपा सरकार उन्हें बाहर करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित