बेंगलुरु , अक्टूबर 17 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री सीएन अश्वथ नारायण ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के बारे में दिये गये कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे के बयान की आलोचना की है।
श्री खरगे ने कहा था कि महात्मा गांधी की हत्या के लिए संघ की मानसिकता जिम्मेदार थी और उस संगठन ने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को धमकी दी थी।
श्री नारायण ने शुक्रवार काे मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुये कहा कि संघ ने लगातार राष्ट्र की रक्षा की है। आपातकाल का विरोध किया है और एकता, स्वतंत्रता एवं संवैधानिक मूल्यों को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा, "संघ देश की संप्रभुता, संविधान, समानता, बंधुत्व एवं मानवता के सिद्धांतों के लिए खड़ा है।"उन्होंने कहा, "आपातकाल के दौरान जब श्रीमती इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने नागरिकों के अधिकारों पर अंकुश लगाया था तो लोकतांत्रिक स्वतंत्रता की रक्षा करने के लिए संघ के सदस्यों को जेल जाना पड़ा।"श्री नारायण ने कांग्रेस पर संविधान या लोकतंत्र के प्रति सम्मान नहीं दिखाने का आरोप लगाते हुये कहा, "वे अपने भाषणों में बार-बार संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की दुहाई देते हैं लेकिन व्यवहार में उन्हें कायम रखने में विफल रहते हैं।"श्री नारायण ने वंशवादी राजनीति के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि यह संविधान की भावना के विरुद्ध है और डॉ. अंबेडकर ने ऐसे आचरणों का स्पष्ट विरोध किया था। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत संघ के कार्यकर्ता सत्ता, पद या राजनीतिक लाभ की लालसा के बिना समाज की भलाई के लिए निस्वार्थ भाव से काम करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित