चंडीगढ़ , अप्रैल 15 -- हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने समाज में बढ़ती अश्लीलताऔर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री को लेकर कड़ा रुख अपनाया है।

हिसार के कबीर छात्रावास में 'नारी शक्ति वंदन' कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल माफी मांगने से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषियों के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई होगी।

उन्होंने सिंगर बादशाह के प्रकरण का उदाहरण देते हुए कहा कि अक्सर लोग महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी या आपत्तिजनक गाने प्रस्तुत कर बाद में माफी मांगकर बच निकलते हैं, लेकिन इस प्रवृत्ति को अब खत्म किया जाएगा।

सुश्री भाटिया ने बताया कि महिला आयोग ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर एक विशेष विभाग बनाने या नोडल अधिकारी नियुक्त करने का अनुरोध किया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, रील्स और गानों पर नजर रखे। उनका कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे कई गाने और वीडियो महिलाओं की गरिमा कोठेस पहुंचाते हैं और समाज को नुकसान पहुंचाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित