पटना , मार्च 07 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को कहा कि अवैध बैनर/पोस्टर लगाने वाले विज्ञापनकर्ताओं से विभाग आर्थिक अपराधी की तरह निपटने की तैयारी कर रहा है । श्री सिन्हा ने आज बयान जारी कर कहा कि अवैध बैनर/पोस्टर लगाने वाले विज्ञापनकर्ता राज्य के विभिन्न शहरों में सिंडिकेट बनाकर सरकार को राजस्व की हानि पहुंचाने में जुटे हैं । ऐसा देखा गया है कि विभाग की तरफ से सख्ती किये जाने पर ये लोग आजीविका का हवाला देकर न्यायालय की शरण में चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग में इस प्रकार की परिपाटी को भी समाप्त करने के लिए कार्ययोजना बनायी जा रही है ।

श्री सिन्हा ने कहा कि विभाग की ओर से अवैध रूप से लगे सैकड़ों होर्डिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिये जाने के बाद से राज्य के 38 जिलों के 264 नगर निकायों में 11 हजार से अधिक अवैध होर्डिंग मामले में लगभग 20 लाख रुपये दंड की राशि की वसूली की गई है।

भागलपुर नगर निगम ने अवैध होर्डिंग मामले में 10 प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है और 19 लाख रुपए से ज्यादा की दंड वसूली की है। वहीं, दरभंगा नगर निगम के धावा दल द्वारा अवैध होर्डिंग हटाकर सभी सामान को जब्त कर लिया गया है। मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र में लगभग 55 अवैध होर्डिंग थे, जिन्हें निगम द्वारा हटा दिया गया है। वहीं, बेगूसराय नगर निगम में सात अवैध होर्डिंग हटाए गए हैं और 71 अवैध होर्डिंग के खिलाफ नोटिस जारी की गई है। राज्य में शेष अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

इसी क्रम में कटिहार नगर निगम ने वित्त वर्ष 2025- 26 में होर्डिंग लगाने के लिए एक संवेदक के साथ लगभग 25 लाख 75 हजार रुपए का एकरारनामा किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित