भोपाल , फरवरी 3 -- मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में श्योपुर और कटनी जिलों में अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 67 लाख 34 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब और वाहन जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
श्योपुर जिले में थाना देहात पुलिस ने राजस्थान-श्योपुर सीमा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक से अंग्रेजी शराब की 635 पेटियां, कुल 4863 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने ट्रक सहित शराब को जब्त कर लिया। जब्त शराब और वाहन की अनुमानित कीमत 58 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
वहीं कटनी जिले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर ग्राम देवरीटोला में वाहन चेकिंग लगाई गई। इस दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन को तेज गति से बायपास रोड मैहर की ओर ले गया। पीछा करने पर आरोपी वाहन खड़ा कर फरार हो गए। मौके पर खड़ी कार की तलाशी लेने पर देशी मदिरा की 24 पेटियां, कुल 216 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने कार सहित लगभग 8 लाख 44 हजार रुपये मूल्य की शराब जब्त की है।
विवेचना के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में अवैध शराब की आपूर्ति और परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित