नैनीताल , अप्रैल 16 -- उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में आबकारी विभाग ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान कुल चां मुकदमे दर्ज किए गये।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के अनुपालन में आबकारी विभाग की टीम की ओर से हल्द्वानी बाजार क्षेत्र के संदिग्ध स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल्यालपुर और नवाबी रोड स्थित दुकान पर दबिश देकर अभियुक्त सुनील कुमार के कब्जे से 52 ट्रेटा पैक देसी शराब तथा लालडांट रोड से हेमा देवी के पास से 60 ट्रेटा पैक देसी शराब बरामद की गई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा कुसुमखेड़ा क्षेत्र में छापेमारी कर राजेन्द्र सिंह को एक बैग में 28 देसी तथा विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
टीम ने गौला गेट, गौरापड़ाव और चोरगलिया क्षेत्रों में भी दबिश दी, जहां से कुल 174 पाउच कच्ची शराब बरामद की गयी। हालांकि इन स्थानों पर आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके चलते अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्यवाही आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित