दंतेवाड़ा , जनवरी 28 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। खनिज जांच दल और पुलिस की संयुक्त टीम ने बालपेट और बालूद क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर सात वाहन और मशीनें जब्त कर लीं।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर और उप संचालक (खनिज) योगेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने गौण खनिज (साधारण रेत) का अवैध उत्खनन और परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया। विधिवत पंचनामा तैयार कर कुल सात वाहन जब्त किए गए। इनमें अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे पांच ट्रैक्टर, अवैध उत्खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर लोडर शामिल हैं। जब्त सभी वाहनों को सुरक्षा के लिहाज से कलेक्टर कार्यालय परिसर में रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित