एमसीबी , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मशीन सहित कई वाहनों को जब्त किया है। रविवार देर रात की गई इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन कर रहे खनन कार्य पर रोक लगाई गई।
जिला जन संपर्क अधिकारी ने सोमवार को बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने कल रात कार्रवाई करते हुए अवैध खनन पर शिकंजा कसा। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर विभागीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान कल देर रात लगभग एक बजे ग्राम पंचायत हरचौका, तहसील भरतपुर स्थित मवई नदी के स्वीकृत रेत खदान का औचक निरीक्षण किया गया, जहां पर्यावरणीय मानकों के विपरीत खनन कार्य संचालित पाया गया।
निरीक्षण के दौरान मौके से एक चौन माउंटेन मशीन और रेत से भरी एक हाईवा वाहन को तत्काल जब्त किया गया। इसके बाद टीम ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए सिरौली और चिउंटिमार क्षेत्रों में भी दबिश दी, जहां अवैध परिवहन में लगे चार ट्रैक्टरों को पकड़ा गया।
सभी संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खनन एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। जब्त किए गए ट्रैक्टरों को कलेक्टरेट परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
कार्रवाई में खनिज अधिकारी दयानंद तिग्गा और खनिज सिपाही राजकुमार यादव सहित विभागीय टीम सक्रिय रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित