देहरादून , नवंबर 21 -- त्तराखंड में देहरादून पुलिस ने अवैध तरीके से नाम, पते बदलकर जिले में रह रहे व्यक्तियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। इसी क्रम में पुलिस ने देहरादून में अवैध रूप से रह रहे बंगलादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। बंगलादेशी नागरिक के साथ पुलिस ने त्यूनी निवासी महिला को भी गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि नेहरू कॉलोनी थाने की पुलिस को बीते रोज अवैध रूप से बॉर्डर पार करके भारत में आकर रह रहे एक बंगलादेशी पुरुष की देहरादून में रहने की सूचना प्राप्त हुई थी, पुलिस को उसके साथ त्यूनी निवासी एक महिला के भी साथ रहने जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि उसका असली नाम मामून हसन पुत्र मोहम्मद अली यासीन है और वह बंगलादेशी का रहने वाला है। जबकि महिला ने पूछताछ में अपना नाम रीना चौहान पुत्री विश्वजीत सिंह बताया।
पुलिस से पूछताछ महिला ने बताया कि वह वर्तमान में ममून के साथ नेहरू कॉलोनी स्थित अलकनंदा एन्क्लेव में किराए पर रह रही थी, उसकी पहचान ममून से फेसबुक के जरिए हुई थी।
नजदीकियां बढ़ने पर वह 2019 में उससे मिलने टूरिस्ट वीजा पर भारत आया और दो महीने उसके साथ रहकर बंगलादेश वापस चला गया। उसके बाद 2020-21मे ममून फिर से टूरिस्ट वीजा पर भारत आया और कोरोना काल में वीजा समाप्त होने के बाद वापस बंगलादेश चला गया, इस बार वह अपने साथ रीना को भी अवैध रूप से बॉर्डर पार कराकर बंगलादेश ले गया, जहां दोनों ने शादी कर ली।
कुछ समय वहां रहने के बाद दोनों अवैध रूप से बॉर्डर क्रॉस करके वापस भारत आए, और देहरादून में अलग-अलग जगहों पर किराए पर रहने लगे। पुलिस ने बताया कि ममून को भारत लाने के लिए उसकी पत्नी ने अपने पूर्व पति सचिन चौहान के नाम पर फर्जी प्रमाण पत्र बनाये,जिसके बाद दोनों देहरादून में पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे।
अजय सिंह ने बताया क षड्यंत्र के तहत भारत के फर्जी पहचान पत्र बनवाकर अवैध रूप से रह रहे दोनों के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में धारा 420, 467, 468, 471, 120 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इनके कब्जे से फर्जी प्रमाण पत्र और पहचान पत्र के अलावा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। अवैध पहचान पत्र बनवाने में इनकी मदद करने वालों को भी पुलिस ने रडार पर लिया हुआ है, उनके खिलाफ भी पुलिस सख्त कार्रवाई करने जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित