भोपाल , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए आगर मालवा और मंदसौर जिलों में 13 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में लगभग 1 करोड़ 72 लाख रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार आगर मालवा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में आगर-सारंगपुर मार्ग स्थित गणेश घाटी पर नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर ट्रक से 31 बोरियों में छिपाकर रखा गया 613 किलो 600 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ट्रक, मोबाइल फोन, नगद राशि सहित लगभग 1 करोड़ 53 लाख 46 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
इसी प्रकार मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में ग्राम मानपुरा आम रोड पर एक बोलेरो पिकअप वाहन की तलाशी के दौरान 37 कट्टों में भरा 7 क्विंटल 22 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बोलेरो पिकअप, ट्रैक्टर और मोबाइल फोन सहित लगभग 19 लाख 3 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित