देवरिया , मार्च 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने शुक्रवार को कहा कि देवरिया में अवैध रूप से स्थापित मजार को हटाए जाने पर यदि कोई वर्ग नाराज होता है तो इसकी परवाह नहीं की जानी चाहिए। एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने दावा किया कि पूर्वांचल के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज जैसे जिले कभी इंसेफेलाइटिस से प्रभावित थे, लेकिन 2017 के बाद इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर कानून का राज स्थापित किया गया है, जिससे व्यापारी और उद्योग जगत सुरक्षित माहौल में कार्य कर रहे हैं।
अपने क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देवरिया, जिसे कभी 'चीनी का कटोरा' कहा जाता था, वहां पूर्ववर्ती सरकारों में चीनी मिलों को बंद होने दिया गया। वर्तमान में देवरिया में मेडिकल कॉलेज का निर्माण हुआ है और सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए विभिन्न परियोजनाएं संचालित हैं।
उन्होंने बताया कि देवरिया से कसया तक सड़क निर्माण के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि देवरिया और कुशीनगर के हाटा क्षेत्र को जोड़ने के लिए 75 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। इसके अलावा देवरिया शहर में जाम की समस्या से राहत के लिए करीब 1800 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास का निर्माण कार्य जारी है। श्री त्रिपाठी ने कहा कि सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित