अलवर , फरवरी 19 -- राजस्थान में अलवर जिले के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को अलवर शहर में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण एवं बिक्री करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करके करीब चार लाख रुपये से अधिक कीमत के पटाखे जब्त किये हैं।

थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा ने गुरुवार को बताया कि अवैध पटाखों के भंडारण, संग्रहण एवं निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी। मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में एक दुकानदार ने पटाखों का भंडारण किया है। पुलिस दल ने रात में दादू किराना स्टोर की दुकान में दबिश देकर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

उन्होंने बताया कि मौके से गिरफ्तार किये गये आरोपी की पहचान प्रवीण कुमावत उर्फ गोलू (35) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित