बारां , अप्रैल 18 -- राजस्थान के बारां में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला महामंत्री राकेश जैन ने आरोप लगाया है कि जिले में चल रहे अवैध खनन में करीब 70 प्रतिशत ट्रैक्टर- ट्रॉलियां पुलिस कर्मियों, उनके परिजनों या उनसे जुड़े लोगों की हैं।
श्री जैन ने शनिवार को पत्रकारों से कहा कि पुलिस लोगों को पकड़कर पूछताछ करती है, लेकिन वहां तकनहीं पहुंचती जहां माफिया खनन करते हैं।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को शहर के बरडिया रोड पर अवैध खनन करके सामग्री ले जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गयी थी।
श्री जैन ने कहा कि बारां जिले में लंबे समय से अवैध खनन का कारोबार खुलेआम चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहे हैं। पुलिस और खनन विभाग की मिलीभगत के चलते कुछ लोगोंको संरक्षण मिल रहा है, जबकि अन्य पर कार्रवाई करके केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन वाहनों का उपयोग अवैध खनन में किया जा रहा है, उनकी पहचान करके सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत की थी।
इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों का भी कहना है कि अवैध खनन और तेज रफ्तार से दौड़ते ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण आये दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे निर्दोष लोगों की मौतें हो रही हैं। प्रशासन को ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
इस पूरे मामले में अब तक पुलिस और खनन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित