जयपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि खान विभाग सभी प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सतर्कता से कार्य कर रहा है।
श्री खींवसर प्रश्नकाल में विधायक केसाराम चौधरी के पूरक प्रश्नों का खान एवं पेट्रोलियम मंत्री की ओऱ से जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि पाली जिले में खान विभाग द्वारा गत तीन वर्षों (एक अप्रेल 2022 से 31 दिसम्बर 2025) में अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध कुल 67 प्रकरण दर्ज किये गये। इनमें 49 प्रकरणों में पेनल्टी वसूली गई है और 18 प्रकरणों में वसूली की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। पाली में बजरी माफियाओं के खिलाफ भी निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि पाली में बजरी खनन के लिए 511 लीज तथा 54 क्वारी लाइसेंस चल रहे हैं।
इससे पहले श्री चौधरी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने पाली में स्वीकृत खनन पट्टों एवं क्वारी लाईसेंस का खनन पट्टाधारियों/क्वारी लाईसेंसधारियों के नाम सहित स्थानवार विवरण सदन के पटल पर रखा। उन्होंने पाली में गत तीन वर्षों (एक अप्रेल 2022 से 31 दिसम्बर 2025) में अवैध खनन के विरुद्ध दर्ज कराई गई एफआईआर का पुलिस थानावार एवं अवैध खननकर्ता के नाम सहित विवरण सदन की मेज पर रखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित