राजनांदगांव , दिसंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अवैध प्लाटिंग और शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार नगर निगम क्षेत्र में यह अभियान आज और तेज किया गया है।

इसी क्रम में एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग एवं नगर पालिक निगम राजनांदगांव की संयुक्त टीम ने लखोली क्षेत्र एवं प्रेस क्लब के पीछे अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग और शासकीय भूमि पर कब्जों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर लगभग 30 एकड़ क्षेत्र में फैले अवैध निर्माण और प्लाटिंग को चिन्हित किया तथा जेसीबी मशीनों की सहायता से अतिक्रमण हटाया।

कार्रवाई के दौरान खसरा नंबर 517/1 रकबा 0.693 हेक्टेयर, संतोषी नगर लखोली स्थित खसरा नंबर 675/1 रकबा 0.102 हेक्टेयर, रायपुर नाका लखोली स्थित खसरा नंबर 71/9 रकबा 0.179 हेक्टेयर, खसरा नंबर 71/28 रकबा 0.202 हेक्टेयर, खसरा नंबर 71/8 रकबा 0.179 हेक्टेयर तथा खसरा नंबर 71/27 रकबा 0.202 हेक्टेयर भूमि से अवैध प्लाटिंग एवं अतिक्रमण हटाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित