मैनपुरी , दिसम्बर 26 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को मैनपुरी में जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि कमजोर लोगों की भूमि पर कब्जा करने वाले दबंग लोगों पर कार्यवाही की जाए और दबंगों से कमजोरों की भूमि कब्जा मुक्त करायी जाए। पर्यटन मंत्री के समक्ष पुडरी निवासी नीरज कुमार ने प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि उनकी सात बीघा जमीन दबंग कब्जा किये हुए हैं और भोगांव तहसील के अधिकारी उनकी जमीन को कब्जा मुक्त नहीं करा रहे। पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उत्तर प्रदेश में कोई आवास विहीन न रहे,इसके लिए अधिकारी कार्यवाही करें। यह निर्देश उन्होंने नगला कीरत की निर्मला देवी के शिकायती प्रार्थना पत्र को सुनने के बाद दिए। निर्मला देवी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि प्रार्थिनी कीरत के मंदिर पर रहकर सेवा कर रही है, प्रार्थिनी के पति का दिमागी संतुलन ठीक नहीं है, आय का कोई अन्य स्रोत न होने के कारण भूमि, आवासविहीन है, प्रार्थिनी ने आवास योजना में आवास उपलब्ध कराने हेतु कई बार प्रार्थना पत्र दिये लेकिन अभी तक पात्र होने के बाद भी उसे आवास योजना का लाभ उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिस पर उन्होंने पत्र को परियोजना अधिकारी डूडा को पृष्ठांकित करते हुए कहा कि मुख्यालय पर विभिन्न योजनाओं के तहत निर्मित कराये गये आवासों में यदि कोई आवास खाली हो तो पात्रता की जॉच कर शिकायतकर्ता को पात्र होने की दशा में आवंटित किया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित