रायपुर , मार्च 25 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर अपनी सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकेत दिया और कहा कि प्रदेश में कहीं भी अफीम की अवैध खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्ग जिले में सामने आए एक मामले के बाद सभी जिलों के कलेक्टरों को सतर्क रहने और ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा कई स्थानों पर जांच और चिन्हांकन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। उन्होंने दोहराया कि प्रभावशाली व्यक्तियों की संलिप्तता भी कार्रवाई में बाधा नहीं बनेगी।

विदेश नीति को लेकर विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री साय ने केंद्र सरकार का बचाव किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की विदेश नीति मजबूत हुई है, जिससे वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति सुदृढ़ हुई है और ऊर्जा आपूर्ति जैसे क्षेत्रों में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं।

नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री साय ने हाल ही में हो रहे आत्मसमर्पण को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के स्पष्ट लक्ष्य के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप बड़े नक्सली भी मुख्यधारा में लौट रहे हैं। इसे उन्होंने राज्य में शांति और विकास की दिशा में सकारात्मक संकेत बताया।

श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर समान रूप से काम कर रही है, जिससे प्रदेश में स्थिरता और विश्वास का माहौल मजबूत हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित