हरिद्वार , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आबकारी विभाग ने रविवार को एक कार से अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
आबकारी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें कुल 45 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब पर "केवल हरियाणा में ब्रिकी" अंकित था।
कार्रवाई के दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अक्षय पुत्र जगवीर निवासी ग्राम सेहरी, जनपद सोनीपत (हरियाणा) और गीतिका पुत्री अमरजीत निवासी प्रहलादपुर (दिल्ली) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित