अल्मोड़ा , दिसम्बर 18 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में गुरुवार को भालू के हमले से दो महिलाएं घायल हो गयी हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत के साथ भारी नाराजगी व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार द्वाराहाट के ग्राम रामपुर जमड़िया निवासी गीता देवी और ग्राम चोकोड़ी रामपुर निवासी चंपा देवी आज सुबह रामपुर जमड़िया के जंगल में घास लेने के लिए गयी थी। इस दौरान भालू ने उन पर हमला कर दिया। दोनों महिलाएं घायल हो गयी और दोनों ने बमुश्किल अपनी जान बचाई।
दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अल्मोड़ा बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी की अगुवाई में एक टीम मौके पर पहुंची और घायल महिलाओं का हालचाल जाना।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गई है। साथ ही वन्य जीवों के बढ़ते हमले को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। वन विभाग ने महिलाओं अपील की है कि महिलाओं को अकेले जंगल न जाने दें। अधिकारियों द्वारा इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित