पटना , फरवरी 03 -- ल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव मुहम्मद सोहेल की अध्यक्षता में मंगलवार को विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिये बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न चल रही योजनाओं, प्रस्तावित परियोजनाओं तथा लाभार्थियों से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सचिव ने दस नए छात्रावासों के निर्माण संबंधी प्रस्ताव को अभिकारित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये आवश्यक प्रक्रियाएँ शीघ्र पूर्ण की जाएं।
सचिव ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर शीघ्र विभाग को उपलब्ध कराएं, जिससे जमीनी स्तर पर आ रही परेशानियों, चुनौतियों एवं प्रगति की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सचिव द्वारा निर्देश दिया गया कि उनके लिए विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाए। यह मेडिकल कैंप फरवरी माह की 10 से 15 तारीख के बीच आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मेडिकल परीक्षण के उपरांत यात्रियों को उसी दिन मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, जिससे मेडिकल टेस्ट के लिए दूर से आ रहे हाजियों को मेडिकल जांच रिपोर्ट प्राप्त करने में लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े।
बैठक में राज्य कोचिंग योजना की भी समीक्षा की गई। राज्य कोचिंग योजना के अंतर्गत बताया गया कि और अधिक संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के अभ्यर्थियों को जोड़ा जा सकता है।
सचिव ने निर्देश दिया कि आगामी 08 फ़रवरी को राज्य कोचिंग योजना के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग के लिए प्रस्तावित प्रवेश परीक्षा का आयोजन सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित