नयी दिल्ली , अप्रैल 22 -- पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित शेखा झील पक्षी अभयारण्य को देश का 99वां रामसर स्थल घोषित किया गया है।
श्री यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संरक्षित शेखा झील को रामसर स्थल घोषित किया जाना न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनका कहना था कि इस घोषणा के साथ ही उत्तर प्रदेश में रामसर स्थलों की कुल संख्या 12 हो गई है।
श्री मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए श्री यादव ने कहा कि आर्द्रभूमियों और वन्यजीवों, विशेष रूप से पक्षियों के प्राकृतिक आवास के संरक्षण के प्रयासों को वैश्विक स्तर पर सराहना मिल रही है। शेखा झील के पारिस्थितिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्थल मध्य एशियाई फ्लाईवे पर स्थित एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां सर्दियों में हंस, पेंटेड स्टॉर्क और विभिन्न प्रजातियों की बत्तखें जैसे प्रवासी पक्षी बड़ी संख्या में आते हैं।
मंत्री ने कहा कि इस मान्यता से न केवल जैव विविधता संरक्षण को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय आजीविका, जल संरक्षण और जलवायु सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उन्होंने लोगों से इस महत्वपूर्ण पक्षी अभयारण्य का भ्रमण करने का भी आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित