अलवर , मई 04 -- असम के प्रभारी एवं अलवर के पूर्व सांसद भंवर जितेन्द्र सिंह ने पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में चार राज्यों में करारी हार के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रभारी पदों से अपना इस्तीफा दे दिया है।
श्री भंवर जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजे अपने इस्तीफे में हालिया चुनाव परिणामों को "बेहद निराशाजनक" बताया। उन्होंने कहा कि इन नतीजों की पूरी जिम्मेदारी वह खुद लेते हैं। उन्होंने लिखा कि भरसक प्रयासों के बावजूद वह असम की जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।
अपने पत्र में उन्होंने असम की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें वहां काम करने का जो अवसर मिला, वह उनके लिए सम्मान की बात रही। साथ ही पार्टी नेतृत्व द्वारा जताए गए विश्वास के लिए भी उन्होंने धन्यवाद दिया।
उन्होंने यह भी दोहराया कि वे कांग्रेस पार्टी के मूल्यों और विचारधारा के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और भविष्य में भी पार्टी जहां और जिस रूप में जिम्मेदारी देगी, वह सहयोग करते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि असम में कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीसरी बार लगातार सत्ता में वापसी की है। इस बार के चुनाव में भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल करके कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस इस्तीफे के बाद कांग्रेस संगठन में और बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। खासकर आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी अब नई रणनीति और नेतृत्व पर जोर दे सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित