अलवर , फरवरी 25 -- राजस्थान के अलवर में होली पर्व को देखते हुए 24 फरवरी से दो मार्च तक चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत खैरथल-तिजारा के खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने करीब 180 किलोग्राम मिलावटी एवं सिंथेटिक पनीर जब्त करके उसे मौके पर ही नष्ट करवाया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बुधवार को बताया कि विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेवात क्षेत्र से मिलावटी एवं सिंथेटिक पनीर सुबह के समय किशनगढ़ और खैरथल क्षेत्र में बिक्री के लिए लाया जाता है।
इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सुबह करीब छह बजे किशनगढ़ सर्किल पर नाकाबंदी करके एक कार को रुकवाया। उसकी जांच करने पर उसमें रखी पांच पेटियों में करीब 180 किलोग्राम पनीर मिला। मौके पर मौजूद मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन से पनीर की जांच की गयी, जिसमें पनीर मिलावटी और सिंथेटिक पाया गया।
वाहन चालक ने पूछताछ में बताया कि यह पनीर किशनगढ़ एवं खैरथल कस्बे में 170 प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जाता है। विभाग द्वारा पनीर के नमूने लेकर खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजे गये और करीब 180 किलोग्राम सिंथेटिक, मिलावटी एवं बदबूदार पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित