अलवर , मार्च 18 -- पश्चिम विक्षोभ के चलते राजस्थान में अलवर में अचानक मौसम बदलने से जहां तेज गर्मी में राहत मिली है वहीं किसानों को अपनी फसलों को लेकर चिंता सताने लगी है।
अलवर जिले के कई हिस्सों में बारिश आ रही है। खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी के आसपास तेज बारिश हो रही है वहीं अलवर जिले के ग्रामीण इलाकों में भी बारिश शुरू हुई है। आज शाम छह बजे के बाद अचानक गहरे बादल छाए तेज हवा चलने लगी। आंधी और अंधड़ शुरू हो गया जिससे बिजली विभाग ने अपनी बिजली काट का दी और तेज अंधड़ के चलते गांव में गांव और शहर अंधेरे में डूब गए।
सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा किसानों को अपनी फसलों की चिंता ज्यादा सताने लगी है क्योंकि सरसों की कटाई चल रही है साथ ही सरसों काटकर खलिहान में पड़ी है। तेज हवा से उसके उड़ने की आशंका भी ज्यादा बढ़ गई है। हालांकि काफी किसानों ने अपनी अगेती फसल को खलिहानों से उठा लिया था। हालांकि मौसम विभाग की ओर से मौसम में बदलाव की चेतावनी जारी होने के बाद किसान दिन रात मेहनत करके अपनी सरसों की फसल को काटने में लगे हैं।
इस तेज हवा से सरसों की फसल को ही नहीं गेहूं की फसल को भी नुकसान होने की आशंका है, क्योंकि गेहूं की फसल में बालियां पकने की ओर हैं और तेज हवा के कारण उनकी गुणवत्ता पर काफी फर्क पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित