, March 31 -- अलवर, 31 मार्च (वाता) राजस्थान में अलवर जिले के खेड़ली थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी विजय कुमार चंदेल ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली की क्षेत्र के घाटा भांवर के रिंगसपुरा गांव के पहाड़ की तलहटी पर खनन क्षेत्र में कुछ बदमाश छिपकर बैठे हुए हैं जो सर्राफा व्यापारी की हत्या में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि जानकारी के आधार पर पुलिस दल कल शाम को रिंगसपुरा की तलहटी में पहुंचा जहां तीन बदमाश बैठे मिले । पुलिस को देखते ही बदमाशों ने उन पर गोंलीबारी शुरू कर दी। गोली बारी के दौरान थानाधिकारी अरुण सिंह हेड कांस्टेबल बाबूलाल बाल-बाल बच गए। इसके बाद तीनों बदमाश भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो बदमाश उबड़-खाबड़ जगह होने के कारण गिर कर चोटिल हो गये जिन्हें पुलिस ने दबोंच लिया।

उन्होंने बताया कि बदमाशों की पहचान मांगीलाल उर्फ मानसिंह (27), निवासी भावपुर, थाना महुआ, आकाश गुर्जर (27) निवासी डबडा थाना बरसाना जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) एवं नरेश गुर्जर (22) निवासी बरखैडा साद, थाना नगर के रूप में हुई है। उनसे दो चार कारतूस, दो देसी कट्टे सहित कुछ चले हुए कारतूस मिले।

श्री चंदेल ने बताया कि तीनों ही बदमाशों के अंतर्राज्यीय गिरोह से संबंध है। इनके ख्रिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित