अलवर , जनवरी 12 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में विवेकानंद सेक्टर चार में स्थित एक घर के पास सोमवार सुबह एक लावारिस बम जैसी वस्तु मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस ने देखा कि उसमें टाइमर लगा हुआ था। देखने में यह वस्तु बम जैसी प्रतीत हो रही थी। ऐसे में तुरंत पुलिस टीम उसको उठाकर अलवर शहर से दूर जयसमंद बांध पर लेकर पहुंची और बांध के बीच में खाली जगह पर उसको रखा गया है। साथ ही मामले की जानकारी जयपुर आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) एवं बम निरोधक दस्ता सहित अन्य पुलिस के अधिकारियों को दी गई है। अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह सात विवेकानंद नगर में बाबू सिंह के मकान के पास कुछ संदिग्ध बम जैसी वस्तु होने की सूचना मिली। इस पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी जांच की। वहां मोबाइल की लंबी बैटरी जैसी कोई वस्तु थी उसमें दोनों तरफ टाइमर लगा हुआ था और दोनों तरफ कुछ पदार्थ भरा हुआ था।

पुलिस ने बताया कि पुलिस के जवान उसे लेकर तुरंत वहां से रवाना हुए और शहर से दूर जयसमंद बांध के पास पहुंचे जहां उन्होंने बांध के बीच में खाली जगह पर उस वस्तु को रख दिया। साथ ही इस मामले की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी गई।

पुलिस ने बताया कि बमनिरोधक दस्ता एवं जयपुर आतंकवाद निरोधक दस्ता अलवर के लिए रवाना हो चुके हैं। जयसमंद झील से लोगों को दूर रखा गया है। इस क्षेत्र में आसपास आबादी क्षेत्र नहीं है। पुलिसकर्मी लगातार इस वस्तु पर नजर रख रहे हैं। उसका टाइमर में अब तक किसी तरह की क्रिया सामने नहीं आई है।

पुलिस के उच्च अधिकारियों ने बताया कि जब तक यह स्पष्ट नहीं होता कि इसमें क्या है, इस पर निगरानी रखी जाएगी। क्योंकि लगातार इसमें टाइमर चल रहा है। ऐसे में कोई भी घटना हो सकती है।

पुलिस ने बताया कि विवेकानंद नगर में रहने वाले बाबू सिंह ने बताया है कि सुबह के समय वह और उनकी पत्नी घर पर थे। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति वहां आया। उससे उन लोगों की हाथापाई हुई। इसके बाद वहां शोर हुआ तो वह संदिग्ध भागने लगा। ,इस पर संदिग्ध व्यक्ति के शॉल में से यह वस्तु गिर गई थी। हाथापाई के बाद वह व्यक्ति फरार हो गया था। घटनास्थल के आसपास क्षेत्र में लगे कैमराें की मदद से संबंधित की पहचान करने के प्रयास किया जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित