अलवर , अप्रैल 22 -- राजस्थान में अलवर जिले में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पानी का संकट गहरानेलगा है।

इसी समस्या को लेकर बुधवार को वार्ड नंबर 12 के होली ऊपर और कुम्हार पाड़ी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने लादिया पंप हाउस पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोग पंप हाउस के सामने धरने पर बैठ गये हैं, जबकि मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम अध्यक्ष घनश्याम गुर्जर के कहने पर क्षेत्र में पानी की आपूर्ति रोकी जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार छह दिनों से हालात बेहद खराब बने हुए हैं और लोगों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ रही है।

सूचना मिलते ही जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, अब तक प्रदर्शनकारियों की नाराजगी शांत नहीं हो पाई है और वे नियमित जल आपूर्ति की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल, प्रदर्शन जारी है और प्रशासन तथा पुलिस लोगों को शांत कराने की कोशिश में जुटेहुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित